प्रथम प्रतिकर्ता प्रशिक्षण: समाज सेवा में नया आयाम जोड़ती महिला महाविद्यालय की एन.एस.एस. इकाई

Share the Post

प्रथम प्रतिकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की एन.एस.एस. इकाई की सक्रिय सहभागिता हल्द्वानी

क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, हल्द्वानी एवं मेरा युवा भारत, नैनीताल के संयुक्त तत्वावधान में आज डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी में प्रथम प्रतिकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम (First Responder Training Programme) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं अथवा आकस्मिक आपदाओं की स्थिति में आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को प्रारम्भिक उपचार एवं त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए तैयार करना रहा।

प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (CPR), रक्तस्राव रोकने की तकनीक, आपातकालीन चिकित्सा सहायता, घायल व्यक्ति को सुरक्षित अस्पताल तक पहुँचाने की प्रक्रिया तथा सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं को व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे वे आपदा एवं दुर्घटना की स्थिति में ‘प्रथम प्रतिकर्ता’ की भूमिका का निर्वहन कर सकें। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने कार्यक्रम के प्रति अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा इस प्रकार का प्रशिक्षण छात्राओं को न केवल आत्मनिर्भर बनाता है, बल्कि उन्हें समाज में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए भी सक्षम करता है।

महिला महाविद्यालय की एन.एस.एस. इकाई सदैव समाजोपयोगी गतिविधियों में अग्रणी रही है। परिवहन विभाग एवं मेरा युवा भारत द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है। प्रभारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ0 रितुराज पंत ने कहा कि एन.एस.एस. स्वयंसेविकाएँ समाज सेवा की भावना से सदैव तत्पर रहती हैं। इस प्रशिक्षण से छात्राओं में संवेदनशीलता, जिम्मेदारी तथा त्वरित सहायता की क्षमता का विकास होगा, जो मानव जीवन की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवाओं को प्रथम प्रतिकर्ता प्रशिक्षण देकर हम समाज में सुरक्षा कवच तैयार कर रहे हैं। गोल्डन ऑवर में दी गई सही प्राथमिक चिकित्सा से अनगिनत जीवन बचाए जा सकते हैं।

इस अवसर पर चिकित्सकों, परिवहन विभाग के अधिकारियों, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा सभी प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत लाभकारी बताया।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *