
हर घर तिरंगा अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजनहल्द्वानी, 12 अगस्त 2025— ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ एवं हर घर तिरंगा के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी की नमामि गंगे इकाई के तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने सभी को संबोधित करते हुए कहा — “राष्ट्रीय ध्वज हमारी अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। हर भारतीय का यह कर्तव्य है कि वह इसकी गरिमा और सम्मान को बनाए रखे। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यह देशभक्ति की भावना को घर-घर तक पहुंचाने का अवसर है।
नमामि गंगे इकाई के नोडल अधिकारी डॉ. रितुराज पंत ने कहा “राष्ट्रीय ध्वज हमें एकता, अखंडता और समर्पण का संदेश देता है। हस्ताक्षर अभियान में लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि देशभक्ति हमारे हृदय में गहराई से रची-बसी है। नमामि गंगे इकाई न केवल गंगा और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रही है, बल्कि ऐसे राष्ट्रहित के अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
इतिहास विभाग की प्रभारी डॉ. रश्मि पंत ने अपने उद्बोधन में कहा हमारा इतिहास यह सिखाता है कि जब-जब हमने अपने राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान किया है, तब-तब हमारी एकता और शक्ति कई गुना बढ़ी है। तिरंगा केवल तीन रंगों का मेल नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम, बलिदान और गौरव का सजीव प्रतीक है।
हस्ताक्षर अभियान में छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और एक बैनर पर हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इसके पश्चात सभी को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, उसकी गरिमा बनाए रखने तथा देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम का संचालन डॉ0 श्वेता बिश्नोई ने किया । अंत में सभी ने ‘भारत माता की जय’ एवं ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर प्रो0 ए0के0 श्रीवास्तव , डॉ0 बीना जोशी, डॉ0 नेहा सिंह, डॉ0 गीता पंत, डॉ0 रेखा जोशी, डॉ0 हिमानी, डॉ0 प्रभा साह आदि उपस्थित रहे।