नमामि गंगे द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्कूली बच्चों में जगाई राष्ट्रभक्ति और जल संरक्षण की अलख

Share the Post

हल्द्वानी।

13 अगस्त 2025महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की नमामि गंगे इकाई के द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति की भावना और जल संरक्षण के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को तिरंगे के तीन रंगों का महत्व, राष्ट्रीय ध्वज के सही उपयोग एवं उसकी गरिमा बनाए रखने की जानकारी दी गई।

साथ ही उन्हें गंगा एवं अन्य नदियों के सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय महत्व से भी अवगत कराया गया। नमामि गंगे टीम ने छात्रों को जल संरक्षण के आसान उपाय, जैसे वर्षा जल संचयन, जल का अपव्यय रोकना और नदियों-तालाबों को प्रदूषण मुक्त रखने के तरीके भी सिखाए। नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. रितुराज पंत ने कहा, हमारा लक्ष्य सिर्फ एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि एक ऐसी सोच विकसित करना है जिससे देशप्रेम और पर्यावरण संरक्षण जीवन का हिस्सा बन जाए। बच्चे इस सोच के सबसे मजबूत वाहक हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने कहा, तिरंगा हमारे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है और गंगा हमारी सांस्कृतिक धरोहर।

इन दोनों के सम्मान और संरक्षण के लिए जागरूकता आवश्यक है। बाल्यकाल से ही यदि बच्चों में यह भावना विकसित हो, तो भविष्य में समाज में एक सशक्त बदलाव संभव है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने भी बच्चों को प्रेरित किया और उनसे स्वच्छता, जल संरक्षण और राष्ट्रध्वज के सम्मान की प्रतिज्ञा दिलवाई।

अंत में बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए, जिससे आयोजन स्थल का वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी पंत ने किया। इस अवसर पर डॉ0 हिमानी, ज्योति चुफाल, प्रबंधक सरस केंद्र प्रकाश आर्या आदि उपस्थित रहे।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *