विज्ञानशाला एवं करियर काउंसलिंग इकाई के सहयोग से छात्राओं को मिला STEM क्षेत्र में मार्गदर्शन

Share the Post

हल्द्वानी, 19 अगस्त 2025। महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में आज विज्ञानशाला एवं करियर काउंसलिंग प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में “She for STEM” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (STEM) जैसे क्षेत्रों में करियर निर्माण हेतु प्रेरित करना एवं उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आभा शर्मा ने की। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए STEM विषयों की वर्तमान समय में उपयोगिता और बढ़ती मांग पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “आज का युग विज्ञान एवं तकनीक का है, और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज का संतुलित विकास संभव है।”

कार्यक्रम का संचालन डॉ. विवेक कुमार द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। विज्ञानशाला के ज़िला समन्वयक श्री प्रदीप बोरा एवं * दीप्तिमाला रावत* ने STEM शिक्षा के महत्व, इससे जुड़े करियर विकल्पों एवं इसकी सामाजिक प्रासंगिकता पर छात्राओं के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि STEM न केवल ज्ञान का क्षेत्र है, बल्कि यह नवाचार एवं समाधान का माध्यम भी है।

करियर काउंसलिंग समन्वयक प्रोफेसर रश्मि पंत ने STEM को महिला सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि “आज की छात्राएँ यदि विज्ञान एवं तकनीक में दक्षता प्राप्त करें, तो वे समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा सकती हैं। STEM में उनकी भागीदारी देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।”

कार्यक्रम में छात्राओं ने भी STEM के प्रति अपने विचार साझा किए एवं इसे अपने भविष्य का हिस्सा बनाने की उत्सुकता प्रकट की। उन्होंने कार्यशाला को एक संवादात्मक मंच के रूप में देखा जहाँ उन्हें दिशा, प्रेरणा और मार्गदर्शन मिला।

इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रो. ए.के. श्रीवास्तव, डॉ. हेमलता धर्मसत्तु, डॉ. सरस्वती, डॉ. विजय बिष्ट, डॉ. संजू एवं डॉ. प्रदीप सम्मिलित रहे।

कार्यशाला का समापन STEM शिक्षा में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और भविष्य निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। इस आयोजन ने छात्राओं के आत्मविश्वास को एक नई दिशा दी और उन्हें विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में अपने सपनों को साकार करने हेतु प्रेरित किया।


Share the Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *