
रूद्रपुर। जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में रूद्रपुर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। महात्मा गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालते हुए उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

दिल्ली में जारी धरना, भूख हड़ताल और प्रस्तावित पार्लियामेंट मार्च के समर्थन में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं और आम जन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आम आदमी पार्टी के आह्वान पर क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के अध्यक्ष शिवदेव सिंह, दिनेश चंद्र, सोनू सहित कई लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश समन्वय समिति के सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। उन्होंने नीट पेपर लीक, सीबीएसई परीक्षा और पुनर्परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया।
विधानसभा अध्यक्ष विजय सिंह ने सरकार की शिक्षा नीति पर सवाल उठाते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को समाप्त करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाहियों ने लाखों छात्रों के सपनों को आघात पहुंचाया है।
इस मौके पर महिला मोर्चा अध्यक्ष विद्या रावत सहित मुनाज, अमान, इरफान, आलम, प्रेरणा गर्ग, राजेश, सुभाष, देव, मनोज, दीपक विश्वास, राहुल गुप्ता, किरण पांडे और समिता समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।